Breaking News

वेनेजुएला की नेता मचाडो का ट्रंप पर भरोसा, नोबेल सौंपने के बाद मीटिंग में सामने आई अहम बातें

 

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को व्हाइट हाउस में वेनेजुएला की विपक्षी नेता मारिया कोरीना माचाडो से मुलाकात की. इस दौरान माचाडो ने ट्रंप को अपना नोबेल शांति पुरस्कार का मेडल भेंट किया. व्हाइट हाउस ने बैठक की पुष्टि की, लेकिन यह भी साफ किया कि इससे ट्रंप के रुख में कोई बड़ा बदलाव नहीं माना जाना चाहिए.

व्हाइट हाउस ने क्या कहा
व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट ने माचाडो को वेनेजुएला के लोगों के लिए ‘बहादुर और मजबूत आवाज’ बताया. उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप इस बैठक को लेकर सकारात्मक थे. हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि क्या ट्रंप अब माचाडो को वेनेजुएला का नेता मानते हैं, तो लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति की राय अब भी वही है. उनके अनुसार, ट्रंप का मानना है कि मौजूदा हालात में माचाडो के पास देश के अंदर पर्याप्त समर्थन नहीं है.

चुनाव को लेकर ट्रंप का रुख
लेविट ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप चाहते हैं कि भविष्य में वेनेजुएला में निष्पक्ष चुनाव हों. लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि यह चुनाव कब हो सकते हैं. बैठक के बाद माचाडो ने मीडिया से कहा कि उन्होंने ट्रंप को नोबेल शांति पुरस्कार का मेडल दिया है. उन्होंने इसे ‘हमारी आजादी के लिए उनके खास समर्थन की पहचान’ बताया.

समर्थकों से मुलाकात
व्हाइट हाउस से बाहर निकलने के बाद माचाडो ने बाहर खड़े अपने समर्थकों से मुलाकात की. उन्होंने कहा, ‘हम राष्ट्रपति ट्रंप पर भरोसा कर सकते हैं.’ इस पर समर्थकों ने ‘थैंक यू ट्रंप’ के नारे लगाए.

मादुरो की गिरफ्तारी के बाद बदला माहौल
यह बैठक ऐसे समय हुई है जब दो हफ्ते पहले अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को कराकास से पकड़कर न्यूयॉर्क भेजा था. दोनों पर ड्रग तस्करी के आरोप हैं. माचाडो के गठबंधन का दावा है कि उन्होंने 2024 का राष्ट्रपति चुनाव जीता था, लेकिन मादुरो ने नतीजों को मानने से इनकार कर दिया था.

ट्रंप का विरोधाभासी रुख
हालांकि ट्रंप ने माचाडो से मुलाकात की, लेकिन पहले वे उनकी नेतृत्व क्षमता पर सवाल उठा चुके हैं. ट्रंप ने यह भी संकेत दिए हैं कि वह मौजूदा कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रीगेज के साथ काम करने को तैयार हैं. रोड्रीगेज पूर्व उपराष्ट्रपति रह चुकी हैं और अभी सरकार के रोजमर्रा के काम देख रही हैं.

अमेरिका-वेनजुएला संबंध
अमेरिका इस समय वेनेजुएला के तेल सेक्टर पर दबाव बढ़ा रहा है. हाल ही में एक प्रतिबंधित तेल टैंकर को जब्त किया गया. अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि रोड्रीगेज की अंतरिम सरकार अमेरिका के साथ सहयोग कर रही है. इसी के तहत इस हफ्ते पांच अमेरिकी नागरिकों को रिहा किया गया.

ट्रंप और रोड्रीगेज की बातचीत
ट्रंप ने बुधवार को कहा कि उनकी रोड्रीगेज से लंबी बातचीत हुई है. उन्होंने कहा, ‘हमने कई मुद्दों पर बात की और मुझे लगता है कि अमेरिका और वेनेजुएला के रिश्ते ठीक दिशा में जा रहे हैं.’

Check Also

सख्त नियमों का उल्लंघन महंगा पड़ा, 4 लीटर पेट्रोल रखने पर 21 दिन की कैद

मिडिल ईस्ट में चल रहे तनाव और युद्ध के बीच वैश्विक तेल आपूर्ति पर असर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *