देश के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और महाराष्ट्र समेत 10 राज्यों के लिए बारिश की चेतावनी जारी की है। आने वाले दिनों में कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है।
पहाड़ी राज्यों में तेज हवा के साथ बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 2 और 3 फरवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन क्षेत्रों में बारिश के साथ मौसम और ठंडा होने के आसार हैं।
मैदानी राज्यों में भी बदलेगा मौसम
2 फरवरी को उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और ठंड का असर बढ़ सकता है।
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में सोमवार (2 फरवरी) को मौसम साफ बना रहेगा, लेकिन सुबह के समय 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिससे ठंड का अहसास बढ़ेगा। कुछ इलाकों में हल्का से मध्यम कोहरा भी देखने को मिल सकता है।
राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश में कैसा रहेगा आज का मौसम
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है, जबकि कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रह सकता है।
राजधानी लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है। पहाड़ी इलाकों में हो रही लगातार बर्फबारी का असर प्रदेश के मौसम पर पड़ रहा है, जिससे ठंड में इजाफा हुआ है। शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट के संकेत हैं।
लखनऊ में सोमवार को हल्की बूंदाबांदी के आसार जताए गए हैं। दिन में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, जबकि शाम या रात के समय कुछ इलाकों में हल्की बारिश संभव है। रविवार को दिन के समय धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
बिहार का मौसम अपडेट
बिहार में सोमवार को मौसम साफ रहने की संभावना है। राज्य के किसी भी जिले में बारिश के संकेत नहीं हैं और 5 फरवरी तक मौसम सामान्य बना रह सकता है।
हालांकि सुबह के समय पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, सुपौल, मधुबनी, अररिया और किशनगंज में करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
पटना में आज अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
Sarvahit Media 